इस जानकारी को छोड़ दें

विषय-सूची को छोड़ दें

नौकरी छूटने पर क्या करें?—बाइबल में दिए सुझाव अपनाइए

नौकरी छूटने पर क्या करें?—बाइबल में दिए सुझाव अपनाइए

 नौकरी छूट जाने पर पैसों की तंगी तो होती ही है पर इसके साथ-साथ आपकी चिंताएँ बढ़ सकती हैं, आप मायूस या परेशान रहने लग सकते हैं। आपके घर का माहौल भी बिगड़ सकता है। ऐसे में आप क्या कर सकते हैं? आइए कुछ सुझावों पर ध्यान दें। ये सुझाव बाइबल के सिद्धांतों पर आधारित हैं जो आपके बहुत काम आ सकते हैं।

  •   किसी को बताइए कि आपके मन में क्या चल रहा है।

     बाइबल क्या कहती है: “सच्चा दोस्त हर समय प्यार करता है।”​—नीतिवचन 17:17.

     नौकरी चले जाने पर शायद आप बहुत उदास हो जाएँ, आपको गुस्सा आए या आपको समझ न आए कि अब क्या करें। आप शायद सोचने लगें कि आप किसी काम के नहीं हैं। ऐसे में अगर आप अपने दोस्तों और परिवारवालों को बताएँगे कि आपके मन में क्या चल रहा है, तो वे आपकी मदद कर पाएँगे। वे आपको तसल्ली दे पाएँगे, आपकी हिम्मत बढ़ा पाएँगे। उनसे बात करके आपको अच्छा लगेगा। शायद वे आपको कुछ ऐसे सुझाव भी दें, जिससे आप दूसरी नौकरी ढूँढ़ पाएँ।

  •   बहुत ज़्यादा चिंता मत कीजिए।

     बाइबल क्या कहती है: “अगले दिन की चिंता कभी न करना क्योंकि अगले दिन की अपनी ही चिंताएँ होंगी।”​—मत्ती 6:34.

     बाइबल में बताया गया है कि पहले से योजना बनाना अच्छी बात है। (नीतिवचन 21:5) लेकिन उसमें यह भी सलाह दी गयी है कि हम भविष्य के बारे में बहुत ज़्यादा चिंता न करें। कई बार हम बेवजह ऐसी बातों की चिंता करने लगते हैं जो शायद कभी न हों। इसलिए अच्छा है कि हम आज के दिन आज की ही चिंता करें।

     इसके अलावा, बाइबल में और भी कुछ सुझाव दिए गए हैं जिनसे आप तनाव का अच्छी तरह सामना कर सकते हैं। इस बारे में जानने के लिए “तनाव का सामना कैसे करें?” लेख पढ़ें।

  •   खर्चे कम कीजिए।

     बाइबल क्या कहती है: “मैं जानता हूँ कि कम चीज़ों में गुज़ारा करना कैसा होता है और यह भी जानता हूँ कि भरपूरी में जीना कैसा होता है।”​—फिलिप्पियों 4:12.

     नए हालात में आपको कुछ फेरबदल करने होंगे, अपनी आदतें बदलनी होंगी। आप पहले जिस तरह पैसे खर्च करते थे उसमें अब शायद आपको कुछ कटौती करनी पड़े। इस तरह आपके पास जितना है आप उसमें गुज़ारा चला पाएँगे। यह भी ध्यान रखिए कि आप बेवजह कर्ज़ न लें।​—नीतिवचन 22:7.

     कम पैसों में कैसे करें गुज़ारा?” नाम के लेख में इस बारे में और भी कुछ सुझाव दिए गए हैं। जानने के लिए यह लेख पढ़ें।

  •   समय का अच्छा इस्तेमाल कीजिए।

     बाइबल क्या कहती है: “बुद्धिमानों की तरह चलो। अपने वक्‍त का सही इस्तेमाल करो।”​—इफिसियों 5:15, 16.

     जब आप नौकरी करते थे तो आपका एक अच्छा शेड्‌यूल हुआ करता था। अब भले ही आपके पास नौकरी नहीं है फिर भी समय का अच्छा इस्तेमाल कीजिए और एक शेड्‌यूल बनाकर रखिए। इस तरह आप पूरे दिन खाली नहीं बैठे रहेंगे और खुद के बारे में ऐसा नहीं सोचेंगे कि आप किसी काम के नहीं हैं।

  •   हालात के हिसाब से खुद को ढालिए।

     बाइबल क्या कहती है: “मेहनत के हर काम से फायदा होता है।”​—नीतिवचन 14:23.

     ज़रूरी नहीं कि आपको वैसी ही नौकरी मिले जैसी आप पहले कर रहे थे। इसलिए हालात के हिसाब से खुद को ढालिए और कोई भी काम करने के लिए तैयार रहिए। आपको शायद छोटे-मोटे काम भी करने पड़ें या ऐसी नौकरी करनी पड़े जहाँ आपको पहले जितनी तनख्वाह न मिले।

  •   हार मत मानिए।

     बाइबल क्या कहती है: “सुबह अपना बीज बो और शाम तक अपना हाथ मत रोक क्योंकि तू नहीं जानता कौन-सा बीज उगेगा।”​—सभोपदेशक 11:6.

     नौकरी ढूँढ़ते रहिए। अपने रिश्‍तेदारों, दोस्तों, पड़ोसियों और जान-पहचानवालों से बात कीजिए और बताइए कि आपको नौकरी की ज़रूरत है। नौकरी दिलानेवाली एजेंसियों से संपर्क कीजिए, अलग-अलग कंपनियों की वेबसाइट और दूसरे इश्‍तिहारों को देखते रहिए। आपको शायद तुरंत नौकरी न मिले। हो सकता है, आपको कई जगह इंटरव्यू देने पड़ें और अपना बायोडाटा जमा कराना पड़े। पर हार मत मानिए।