इस जानकारी को छोड़ दें

विषय-सूची को छोड़ दें

पहले पेज का विषय | बाइबल पढ़ना फायदेमंद और मज़ेदार कैसे बनाएँ?

बाइबल पढ़ना मज़ेदार कैसे बनाएँ?

बाइबल पढ़ना मज़ेदार कैसे बनाएँ?

बाइबल पढ़ना आपको कैसा लगता है? क्या आप बोर हो जाते हैं या फिर आपको पढ़कर अच्छा लगता है? यह काफी हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि आप पढ़ने के लिए कौन-सा तरीका अपनाते हैं। आइए देखें कि बाइबल पढ़ना मज़ेदार कैसे बनाया जा सकता है।

ऐसी बाइबल चुनिए जिसका अनुवाद सही हो और जिसकी भाषा आसान हो। अगर आप ऐसा कुछ पढ़ रहे हैं जो समझने में आसान नहीं है या जो आजकल की बोलचाल की भाषा में नहीं लिखा गया है, तो आपको वह पढ़ने में मज़ा नहीं आएगा। ऐसी बाइबल चुनिए, जिसकी भाषा समझने में आसान हो और जो आपके दिल को छू जाए। लेकिन उस बाइबल का अनुवाद सही होना चाहिए। *

नयी तकनीकों का इस्तेमाल कीजिए। आज बाइबल न सिर्फ छपी हुई किताब के रूप में मिलती है, बल्कि आप इसे इंटरनेट के ज़रिए अपने कंप्यूटर में, टैबलेट या मोबाइल फोन पर भी पढ़ सकते हैं या फिर इसे डाउनलोड कर सकते हैं। मोबाइल या टैबलेट वगैरह पर बाइबल के कुछ अनुवादों में ऐसी भी सुविधा है कि जब आप बाइबल से कोई आयत पढ़ रहे हैं, तो आप उस विषय पर बाइबल की कुछ और आयतें तुरंत ढूँढ़ सकते हैं या वही आयत दूसरे अनुवादों में पढ़ सकते हैं। अगर आप पढ़ने के बजाय सुनना पसंद करते हैं, तो बाइबल की रिकॉर्डिंग भी सुन सकते हैं। कई लोग सफर करते वक्‍त, घरेलू काम या कुछ और करते वक्‍त इसे सुनना पसंद करते हैं। आप भी इनमें से कोई एक तरीका चुन सकते हैं।

बाइबल पर आधारित किताबों-पत्रिकाओं से और जानकारी पाइए। बाइबल समझने के लिए कुछ किताबें-पत्रिकाएँ हैं, जैसे कुछ ऐसे नक्शों की किताबें, जिनमें आप बाइबल के ज़माने की उन जगहों को ढूँढ़ सकते हैं जिनके बारे में आप पढ़ रहे हैं। इस तरह आप बाइबल में दी घटनाएँ और अच्छी तरह समझ सकते हैं। कुछ लेखों से भी आप बाइबल के कई भागों के बारे में और जानकारी ले सकते हैं, जैसे इस पत्रिका में दिए लेखों से या फिर jw.org वेबसाइट के “शास्त्र से जानिए” भाग में दिए लेखों से।

अपने पढ़ने के तरीके में फेरबदल कीजिए। अगर आपको बाइबल शुरू से लेकर आखिरी पन्ने तक पढ़नी बहुत मुश्किल लगती है, तो क्यों न आप उन भागों को पढ़ें, जो आपको अच्छे लगते हैं। अगर आप बाइबल के कुछ जाने-माने किरदारों के बारे में जानना चाहते हैं, तो आप वे भाग पढ़िए जिनमें उन किरदारों के बारे में लिखा हुआ है। इस तरीके से बाइबल पढ़ने के लिए इस लेख के साथ दिए बक्स “ बाइबल के किरदारों से रू-ब-रू होइए” में एक सुझाव दिया गया है। आप चाहें तो विषय के मुताबिक बाइबल पढ़ सकते हैं या जिस क्रम में घटनाएँ घटी हैं, उस क्रम में पढ़ सकते हैं। आप इनमें से कोई भी तरीका अपना सकते हैं।

^ पैरा. 4 बहुत-से लोगों को हिंदी में पवित्र शास्त्र का नयी दुनिया अनुवाद सही, भरोसेमंद और पढ़ने में आसान लगता है। यह बाइबल यहोवा के साक्षियों ने प्रकाशित की है, जो 130 भाषाओं में उपलब्ध है। आप इसे jw.org वेबसाइट से या JW लाइब्रेरी ऐप से डाउनलोड कर सकते हैं या फिर अगर आप चाहते हैं, तो यहोवा के साक्षी आपके घर आकर इसे दे सकते हैं।